सिगरेट पीने से मना किया तो पेट्रोल पंप और बाइक में लगा दी आग, दो गिरफ्तार
1 min read
Share this
रायपुर। उरला इलाके में एक सनकी युवक ने सिगरेट पीने से मना करने पर पेट्रोल पंप और बाइक में आग लगा दी। हालांकि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। आग को बुझा लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की रात कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप पर बाइक सवार धर्मेंद्र सिंह क्षत्रिय और इमरान कुरैशी पेट्रोल डलवाने पहुंचे। इमरान पेट्रोल डलवाने लगा। इस दौरान बाइक से उतरते ही धर्मेंद्र लाइटर से सिगरेट जलाने लगा। यह देखकर उसके दोस्त ने उसे सिगरेट पीने से मना किया। इससे धर्मेंद्र नाराज हो गया। उसने लाइटर से बाइक की टंकी में आग लगा दी। इससे बाइक की पेट्रोल टंकी में आग लग गई और नोजल में भी। इससे अफरा-तफरी मच गई। घबराकर पंप के कर्मचारी ने नोजल को बाइक की टंकी से बाहर निकाला। इससे पंप में भी आग लग गई। कर्मचारियों ने दौड़कर पंप का मेन स्विच बंद किया। इसके बाद फायर फाइटिंग से आग को बुझाया।
आगजनी की घटना से पेट्रोल पंप में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच दोनों आरोपी मौके से भागने लगे। पंप के कर्मचारियों ने आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ा। इसके बाद उरला पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
