April 28, 2026

नेहरू नगर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की सड़कों के डामरीकरण को लेकरभिलाई निगम जोन आयुक्त के नाम सौंपा ज्ञापन

1 min read
Share this

भिलाई। नेहरू नगर पूर्व के वार्ड क्रमांक 4 की जर्जर सड़कों के डामरीकरण की मांग को लेकर आज नेहरू नगर व्यापारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिक निगम के जोन आयुक्त के नाम को 42 हस्ताक्षरों युक्त मांग पत्र सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने नगर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया।
​10 वर्षों से डामरीकरण का इंतजार, सबसे ज्यादा टैक्स फिर भी उपेक्षा
व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया ने तीखे शब्दों में कहा कि वार्ड 4 नेहरू नगर पूर्व एक प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र है, जो नगर निगम को सर्वाधिक राजस्व (टैक्स) प्रदान करता है। इसके बावजूद, पिछले 10 वर्षों से अधिक यहाँ की सड़कों के डामरीकरण का कार्य लंबित है। उन्होंने मांग की कि नगर सरकार और प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर इस क्षेत्र का विकास करना चाहिए।
संघ के कोषाध्यक्ष मुकेश जैन एवं सहसचिव हर्ष चंदेल ने संयुक्त रूप से कहा कि चूंकि यह क्षेत्र आवासीय और व्यावसायिक दोनों है, इसलिए यहाँ दिन-भर भारी आवागमन रहता है। नगर निगम को तुरंत आवश्यक वित्त व्यवस्था (Budget Allocation) कर सड़कों का निर्माण शुरू करना चाहिए। सदस्य धर्मेश जोशी ने जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में व्यापार की हालत सुधरने के लिए अच्छी सड़कों का होना अनिवार्य है; धूल और गड्ढों के कारण ग्राहक और व्यापारी दोनों परेशान हैं।
​प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन, महासचिव जगदीश आहूजा, सहसचिव हर्ष चंदेल एवं सदस्य धर्मेश जोशी उपस्थित रहे। जोन आयुक्त ने सकारात्मक कार्यवाही कर प्रस्ताव आगे भिजवाने का आश्वासन दिया।