रूस के मेडिकल छात्रावास में हमला चार भारतीय छात्र घायल

1 min read
Share this

*15 वर्षीय हमलावर गिरफ्तार,पुलिस पर भी किया हमला*

बश्कोर्तोस्तान(रूस)ऐजेंसी। रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य  के उफा शहर में शनिवार को मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में एक 15 वर्षीय बालक ने चाकू से हमला किया गया, जिसमें चार भारतीय छात्र घायल हो गए। इस बात की पुष्टि भारतीय दूतावास ने की है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि उफा में एक दुर्भाग्यपूर्ण हमला हुआ है, जिसमें चार भारतीय छात्र भी घायल हुए हैं। दूतावास ने बताया कि वह रूस के स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को हर संभव मदद दी जा सके।मॉस्को से लगभग 1,200 किलोमीटर पूर्व में स्थित बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफा में अधिकारियों ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

ऐजेंसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शनिवार (7 फरवरी 2026) को एक 15 साल का किशोर उफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के परिसर में घुस गया। आरोपी सीधे छात्रावास (डॉर्मिट्री) में पहुंचा और वहां मौजूद छात्रों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि छात्र संभल भी नहीं पाए। रूस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, आरोपी ने कई छात्रों को चाकू मारा।जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने दो पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। गिरफ्तारी का विरोध करते समय आरोपी खुद भी घायल हो गया। गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने बताया कि आरोपी को काबू में करने के दौरान पुलिसकर्मी घायल हुए और हमलावर ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया।दूतावास ने बताया कि घायलों को उचित चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने और जानकारी प्राप्त करने के लिए रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है। कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को सहायता प्रदान करने के लिए ऊफा भेजा गया है।

आरटीवीआइ डॉट काम वेबपोर्टल ने गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से कहा, हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू मार दिया गया। संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया। छात्रों की पहचान या राष्ट्रीयता के बारे में नहीं बताया गया है।

बाजा’ टेलीग्राम चैनल ने कहा कि हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार छात्रों और दो पुलिस अधिकारियों को स्थानीय क्लीनिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर है।