सामग्री प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली एवं क्रय प्रक्रिया पर अंतर्विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
1 min read
Share this
बिलासपुर। स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल प्रणाली को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा विभाग, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सामग्री प्रबंधन प्रणाली, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली एवं क्रय प्रक्रिया विषयों पर एक अंतर्विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य डेटा के डिजिटलीकरण को बढ़ावा देना, डेटा की गुणवत्ता में सुधार करना तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता को और अधिक सशक्त बनाना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सामग्री एवं संसाधन प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से संसाधनों एवं सामग्रियों के प्रभावी प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली के अंतर्गत स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की सही एवं समयबद्ध प्रविष्टि, विश्लेषण एवं प्रतिवेदन तैयार करने तथा क्रय प्रक्रिया को डिजिटल मंच पर पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही डेटा की शुद्धता, पारदर्शिता एवं उपयोगिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल साधनों एवं प्रणालियों के बेहतर उपयोग की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की योजना निर्माण, निगरानी एवं निर्णय प्रक्रिया को अधिक सटीक, प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा। चिकित्सा विभाग, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं को डेटा-आधारित, पारदर्शी एवं अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है।
