मराठा समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली-साव
1 min read
Share this
रतनपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव शनिवार को धर्मनगरी रतनपुर में आयोजित 53वें श्री खंडोबा वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्री मल्हारी मार्तंड भैरव खंडोबा मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिकजनों का सम्मान किया।
श्री साव ने कहा कि मराठा समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। मराठा समाज ने अनेक ऐसे महापुरुष दिए हैं, जिन्होंने अपने साहस, त्याग और बलिदान से समाज और राष्ट्र को दिशा दी। अंग्रेजों और मुगलों के विरुद्ध वीरता के साथ हिंदुत्व की रक्षा के लिए लड़ी गई लड़ाइयां आज भी हम सभी को गर्व की अनुभूति कराती हैं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने आगे कहा कि आज विश्व में सनातन संस्कृति का ध्वज गर्व से लहरा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और विकास हुआ है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी और उज्जैन में हुए सौंदर्यीकरण जैसे कार्य सनातन संस्कृति की सशक्त पहचान हैं। इन प्रयासों से समाज में विशेष रूप से मराठा समाज के भाइयों और बहनों में प्रसन्नता है, क्योंकि उनके त्याग और बलिदान से ही आज सनातन संस्कृति मजबूती से स्थापित है।
