April 27, 2026

महाकाल चौक बना प्रदर्शन का केंद्र, बार-बार जाम से आमजन बेहाल

1 min read
Share this

लक्ष्मण लोहिया
राजनांदगांव। संस्कारधानी नगरी राजनांदगांव के मध्य स्थित मानव मंदिर क्षेत्र का महाकाल चौक अब विभिन्न संगठनों के राजनैतिक, धार्मिक जुलूसों, प्रदर्शन और धरना का प्रमुख स्थान बनता जा रहा है। आए दिन यहां प्रदर्शन होने से चौक पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*बार-बार जाम, आवाजाही प्रभावित*
महाकाल चौक शहर का व्यस्ततम मार्ग होने के साथ कई प्रमुख सड़कों को जोड़ता है। प्रदर्शन के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने से घंटों तक यातायात ठप रहता है। दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मरीज, छात्र और व्यापारी सबसे ज्यादा परेशान
मानव मंदिर क्षेत्र के आसपास अस्पताल, शिक्षण संस्थान और बाजार जाने का प्रमुख मार्ग होने के कारण जाम का सीधा असर गतिविधियों पर पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और स्कूल बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से घूमकर जाना पड़ता है।
*प्रशासन से वैकल्पिक स्थल की मांग*
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए व्यस्त चौराहे को चुनना उचित नहीं। प्रशासन को शहर के बाहर या कम यातायात वाले क्षेत्रों में निर्धारित प्रदर्शन स्थल तय करना चाहिए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को राहत मिले।
*आमजन की आवाज*
एक स्थानीय नागरिक ने कहा, “प्रदर्शन अपनी जगह सही है, लेकिन महाकाल चौक पर जाम लगने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है। प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए।”शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र की पहचान है, लेकिन जनहित और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखते हुए उचित स्थान का चयन भी उतना ही जरूरी है।