April 28, 2026

शासकीय काॅलेज में वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा वैज्ञानिक मॉडल का  प्रस्तुतीकरण

1 min read
Share this

भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यावहारिक एवं शोधाभिमुख विकास के उद्देश्य से वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अशोक वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के अकादमिक एवं प्रस्तुतीकरण आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोध क्षमता एवं नेतृत्व गुणों के विकास में सहायक होते हैं तथा उन्हें भविष्य की शैक्षणिक एवं प्रतियोगी चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल आयोजन वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. दीपिका त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अपने वक्तव्य में डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि स्नातक स्तर पर इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को शोध, नवाचार एवं उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करती हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती हैं।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल वनस्पति विज्ञान के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित थे, जिनके माध्यम से पौधों की संरचना, कार्यप्रणाली, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को सरल, वैज्ञानिक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में प्राध्यापकगण इंद्राणी मरकाम, स्नेहा दुबे, डॉ. राजन तिवारी, डॉ. दीपक यादव एवं डॉ. सुमित पंत सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्था वनस्पति विज्ञान विभाग से अतिथि व्याख्याता सर्वदा साहू द्वारा की गई, जिनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।