भाटापारा के गवर्नमेंट काॅलज में नशामुक्त भारत अभियान का आयोजन
1 min read
Share this
भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर नशा मुक्ति संकल्प एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के 300 से अधिक विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने सहभागिता करते हुए नशापान से दूर रहने एवं समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली तथा संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशापान से होने वाले मानसिक असंतुलन, शारीरिक क्षति, कार्यक्षमता में कमी, सामाजिक प्रतिष्ठा के ह्रास एवं पारिवारिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं मूल्यनिष्ठ जीवन शैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि नशापान व्यक्ति के व्यक्तित्व, स्वास्थ्य और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है तथा एक सभ्य और सशक्त समाज के निर्माण में बाधक है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल करना रहा।
