November 27, 2026

एक साल बच्ची उमा को अमेरिका के जस्टिन दंपत्ति ने लिया गोद

1 min read
Share this

बिलासपुर। कुदुदंड स्थित मातृछाया में रह रही एक वर्ष की बच्ची उमा को अमेरिका के जस्टिन माइकल लोंगोलिन दंपती ने गोद लिया है। सभी कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद गुरुवार को बच्ची को दंपती को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे उसे लेकर अमेरिका रवाना हो गए। आने वाले वर्षों में मातृछाया की टीम बच्ची की नियमित मॉनिटरिंग करती रहेगी। बच्ची को सौंपने से पहले मातृछाया परिसर में पारंपरिक गोद भराई की रस्म निभाई गई।
सह सचिव लता गुप्ता ने बताया कि तिलक लगाकर गोद में चावल और नारियल रखे गए तथा विधि-विधान से रस्म पूरी की गई। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्ची को दंपती को सौंपा गया। केंद्रीय दत्तक ग्रहण अभिकरण के पोर्टल के माध्यम से यह पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। लता गुप्ता ने बताया कि विदेश में गोद दिए गए बच्चों की नियमित निगरानी की जाती है। उमा के मामले में भी मातृछाया समिति समय-समय पर वीडियो कॉल के जरिए बच्ची और उसके माता-पिता से संपर्क में रहेगी। फिलहाल मातृछाया में कुल 17 बच्चे रह रहे हैं, जिनमें 10 छोटे बच्चे और 6 वर्ष से अधिक उम्र के 7 बच्चे शामिल हैं।

This will close in 0 seconds