November 26, 2026

सुबह से हो रही है अच्छी बारिश,पूरे प्रदेश में बरसने की संभावना

1 min read
Share this

00 प्रदेश में अब तक 1068.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
रायपुर। मानसून अब विदाई की ओर है लेकिन जाने से पहले कुछ राहत देने के मूड में भी है इसीलिए कल रात के बाद आज सुबह से फिर झमाझम बरस रही है। खेतों के लिए यह बारिश वरदान साबित होगा क्योकि सबसे ज्यादा जरूरत किसानों को एक अच्छी बारिश की थी। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के असर से लगभग पूरे छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज ऐसे ही रहने की संभावना है। इस बारिश के चलते सुबह की पाली में स्कूल कालेज व कार्यालय जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों में भी असर दिखा। अचानक हुई इस बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलौदाबाजार, जशपुर, सूरजपुर, दंतेवाड़ा और जगदलपुर जिले में बारिश होने की संभावना जताई है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों आज दिन भर घने काले बादल छाए रहने की संभावना बताई है।
छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 1068.9 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1491.5 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 498.0 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 921.2 मि.मी., बलौदाबाजार में 827.1 मि.मी., गरियाबंद में 978.6 मि.मी., महासमुंद में 842.8 मि.मी. और धमतरी में 962.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 1099.1 मि.मी., मुंगेली में 1059.1 मि.मी., रायगढ़ में 1315.1 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1029.1 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 1305.2 मि.मी., सक्ती में 1210.2 मि.मी., कोरबा में 1077.7 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 1011.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 806.0 मि.मी., कबीरधाम में 766.9 मि.मी., राजनांदगांव में 888.2 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1252.7 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 792.0 मि.मी. और बालोद में 1096.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 739.4 मि.मी., सूरजपुर में 1120.2 मि.मी जशपुर में 1037.6 मि.मी., कोरिया में 1175.6 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1056.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1460.2 कोंडागांव जिले में 986.9 मि.मी., कांकेर में 1179.9 मि.मी., नारायणपुर में 1265.8 मि.मी., दंतेवाड़ा में 1422.0 मि.मी., सुकमा में 1141.6 मि.मी. और बीजापुर में 1456.8 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।

This will close in 0 seconds