प्रसवोत्तर गर्भनिरोधक, महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य व सुरक्षित भविष्य के लिए एक प्रभावी उपाय: डॉ. ज्योति जायसवाल
1 min readShare this
शरायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति जायसवाल बताती हैं कि परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों में प्रसव एवं प्रसवोत्तर अवधि के साथ-साथ गर्भनिरोधक अपनाने के सुझाव नियमित रूप से सभी माताओं को दिए जाते हैं। यह पहल किसी विशेष बीमारी से जुड़ी नहीं है, बल्कि सभी महिलाओं और उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य व सुरक्षित भविष्य के लिए है।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जायसवाल के मुताबिक प्रसवोत्तर गर्भनिरोधक से न केवल मां का स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है, बल्कि परिवार नियोजन के लाभ भी पूरे समाज को मिलते हैं। इसी क्रम में पीपीआईयूसीडी (Post Partum Intrauterine Contraceptive Device) को प्रभावी व सुरक्षित विकल्प के रूप में अपनाने का सुझाव दिया जाता है।
अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के बाद माताओं को इन विकल्पों के बारे में जानकारी दी जाती है और उन्हें प्रेरित किया जाता है कि वे अपने स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए समझ कर उपयुक्त गर्भनिरोधक उपाय चुनें।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और समाज को स्वस्थ व सुरक्षित दिशा प्रदान करती हैं।
–00–

