हिंदू हाई स्कूल में आत्महत्या रोकथाम पर व्याख्यान, दीप्ती ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
1 min read
Share this
रायपुर। राजधानी के हिंदू हाई स्कूल में आत्महत्या रोकथाम विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे से शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता साइकोलॉजिस्ट एवं स्वामी विवेकानंद उत्कर्ष परिषद रायपुर की अध्यक्ष दीप्ती दुबे रहीं। उन्होंने आत्महत्या जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा की।

दीप्ती दुबे ने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है, लेकिन समस्याओं से भागना नहीं, बल्कि उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और कठिन परिस्थितियों में धैर्य रखने के तरीके बताए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि कभी जीवन में कठिनाई अधिक महसूस हो तो परिवार, मित्रों और विशेषज्ञों से खुलकर बातचीत करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और वे जीवन के प्रति अधिक सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित कर पाएंगे।
हिंदू हाई स्कूल प्रशासन ने दीप्ती दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के उपयोगी और सार्थक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उक्त अवसर पर, शिक्षिका अर्चना शर्मा, शिक्षिका रेखा साहू, मनोवैज्ञानिक डेविड, मनोवैज्ञानिक श्री विकास गोयल,मनोवैज्ञानिक प्रियंका उपस्थित थी।
