छग से एक मात्र खिलाड़ी बस्तर का युवराज सिंह यूथ विश्व म्यू थाई चैंपियनशिप में भारत का करेगा प्रतिनिधित्व
1 min read
Share this
जगदलपुर। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त एवं भारत मे मान्यता प्राप्त संस्था यूनाइटेड म्यू थाई एसोसिएशन इण्डिया के तत्वावधान में भारतीय म्यू थाई दल अबू धाबी में आयोजित यूथ विश्व म्यू थाई चैम्पियंसशिप में भाग लेने 10 सितंबर को वायुयान द्वारा हैदराबाद से अबू धाबी के लिए रवाना हो गये हैं। बस्तर अंचल से गत नौ वर्षों से अपने वजन वर्ग में म्यू थाई चैंपियन जगदलपुर निवासी 17 वर्षीय युवराज सिंह राजपूत भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। युवराज छग. राज्य से एकमात्र चयनित खिलाड़ी हैं जो इस विश्व चैंपियनशिप में भाग लेगा।
युवराज के पिता राजेन्द्र सिंह राजपूत भी अपने पुत्र के साथ भारतीय म्यू थाई दल के साथ भारतीय म्यू थाई दल के सहायक अधिकारी के रूप में अबू धाबी (यूएई) जा रहे हैं, चूंकि युवराज नाबालिग है अत: पिता को युवराज के साथ जाने की अनुमति दी गई है। 24 सदस्यीय भारतीय म्यू थाई दल में 18 खिलाड़ी, 1 कोच, 2 निर्णायक, 2 ऑफिसियल और 1 नेशनल फेडरेशन ऑफिसियल शामिल हैं। भारतीय म्यूथाई दल में शामिल 18 खिलाडिय़ों में राजस्थान से 4, मेघालय से 4, महाराष्ट्र से 2, केरल से 2, पश्चिम बंगाल से 2, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, असम और हरियाणा से 1 – 1 खिलाड़ी शामिल हैं।
नेशनल फेडरेशन ऑफिसियल के रूप में भारतीय म्यू थाई दल फेडरेशन यूएमएआई के महासचिव श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में भारतीय म्यूथाई दल अबूधाबी जा रहा है। छग. राज्य म्यू थाई संघ के समस्त पदाधिकारियों एवं खिलाडिय़ों को आशा ही नहीं वरन विश्वास है, कि युवराज सिंह इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर आगामी अक्टूबर माह में ओसीए द्वारा आयोजित एशियन यूथ गेम्स बहरीन में भाग लेने वाले भारतीय म्यूथाई दल में चयनित होकर बस्तर अंचल और छग. को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में प्रतिस्थापित करेगा।
युवराज सिंह के चयन पर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव (संरक्षक छग. एमेच्योर म्यूथाई एसोसिएशन), राज्य म्यूथाई के पदाधिकारियों, कोच सहित खेल प्रेमियों ने अच्छे प्रदर्शन हेतू शुभकामनाएं दी है।
