एम्स से फरार आरोपी को रेलवे पुलिस व सुरक्षा बल ने पकड़ा
1 min read
Share this
रायपुर। जेल प्रहरी को चकमा देकर एम्स में इलाज के लिये भर्ती हुए हत्या के फरार आरोपी की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस व सुरक्षा बल की टीम ने उसे दुर्ग से धर दबोचा।आरोपी ने फरार होने के दो बार ट्रेन बदली।
रेलवे द्वारा दी जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेल श्वेता सिन्हा को सूचना मिली कि हत्या का एक आरोपी व्यक्ति ट्रेन संख्या 12860 हावड़ा-मुंबई गीतांजली एक्सप्रेस से रायपुर से भागकर पश्चिम दिशा की ओर जा रहा है ।सूचना की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री आर्य द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया प्रभारी के नेतृत्व में मंडल टास्क टीम तथा अपराध गुप्तचर शाखा गोंदिया की संयुक्त टीम को ट्रेन संख्या 12860 गीतांजली एक्सप्रेस की तत्काल जांच हेतु आदेशित किया गया ।
गीतांजली एक्सप्रेस के गोंदिया स्टेशन आगमन पर की गई जांच में पता चला कि संदिग्ध आरोपी गोंदिया स्टेशन पर उतर चुका है। तत्पश्चात आरोपी की पहचान हेतु प्राप्त फ़ोटो के आधार पर उपनिरीक्षक दीपक कुमार, महिला आरक्षक ज्योति बाला व महिला आरक्षक जया (पोस्ट गोंदिया) द्वारा सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया ।
फुटेज में आरोपी को ट्रेन संख्या 07051 चेरापल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस के सामने वाले एसएलआर कोच में चढ़ते हुए देखा गया, जो दुर्ग की दिशा में जा रही थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक आर.सी. कटारे व आरक्षक वी.के. कुशवाहा को संबंधित ट्रेन में सवार कर डोंगरगढ़ एवं राजनांदगांव पोस्ट को अलर्ट किया गया। साथ ही वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ रायपुर श्री रमन कुमार तथा पोस्ट प्रभारी दुर्ग को सूचित किया गया ।
गाड़ी के दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल टास्क टीम, नागपुर; आरपीएफ दुर्ग; रायपुर मंडल तथा शासकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया । पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करण पोर्ते उर्फ करन, पिता कार्तिक पोर्ते, उम्र 26 वर्ष, निवासी मंदिर हसौद, जिला रायपुर बताया । आरोपी के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 98/2021, धारा 302, 307 भा.दं.सं. के अंतर्गत मामला दर्ज है । आरोपी ने बताया कि वह शुक्रवार को इलाज के लिए जेल से AIIMS रायपुर लाया गया था, जहाँ से जेल प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गया ।
गिरफ्तारी की सूचना मंदिर हसौद थाना प्रभारी को दी गई तथा फोटो भेजने पर आरोपी की शिनाख्त की पुष्टि की गई। तत्पश्चात आरोपी को संबंधित थाना पुलिस को विधिवत सुपुर्द किया गया ।
