निवेश व रोजगार के दृष्टिकोण से बेहद सफल रहा विदेश दौरा- मुख्यमंत्री साय
1 min read
Share this
** एमओयू से छत्तीसगढ़ में विकास और रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे
** इंडिया टूडे के सर्वे पर प्रदेश की जनता का विश्वास व भरोसे के लिए जताया आभार
** माना विमानतल पर प्रदेश भर से पहुंचे लोगों ने किया भव्य स्वागत
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जापान व दक्षिण कोरिया के विदेश प्रवास से आज वापस छत्तीसगढ़ लौटे। औद्योगिक भविष्य,निवेश व रोजगार के लिए छत्तीसगढ़ के दृष्टिकोण से उन्होने इस यात्रा को काफी सफल बताया। उन्होने कहा कि 22 अगस्त से 29 अगस्त तक हमारी जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा आठ दिनों की रही। इस दौरान टोक्यो और ओसाका सहित कई शहरों का दौरा करने का अवसर मिला। इससे पूर्व आज रायपुर विमानतल पर पूरे प्रदेश भर से पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री श्री साय का भव्य स्वागत किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे से भारत में अगले दस वर्षों में लगभग छड लाख करोड़ रुपए का निवेश आने वाला है। यह देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देगा और छत्तीसगढ़ में भी औद्योगिक निवेश और विकास की एक नई ऊर्जा लेकर आएगा। हमारे हाल के जापान दौरे ने इस दिशा में राज्य को सीधे जोडऩे का काम किया है, और इसमें प्रधानमंत्री मोदी जी की दूरदृष्टि व नेतृत्व हमें निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा दे रहे हैं। हमने अपने पवेलियन में राज्य की नई औद्योगिक नीति के बारे में बताया। साथ ही सिरपुर के माध्यम से बौद्ध धर्म से प्रदेश के जुड़ाव को भी रखा। ढोकरा, कोसा जैसे हस्तशिल्प भी हमने प्रस्तुत किये। इस यात्रा में औद्योगिक कार्यक्रमों के साथ हमें जापान की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला। ओसाका वल्र्ड एक्सपो और पारंपरिक कला-लोकसंस्कृति से जुड़े अनुभवों ने दिखाया कि उन्होंने विरासत और विकास का सुंदर संतुलन बनाया है। इनसे हमें प्रेरणा मिली है कि छत्तीसगढ़ भी अपनी परंपरा और धरोहर को उद्योग व पर्यटन से जोड़कर नई पहचान और अवसर हासिल कर सकता है। एक्सपो में छत्तीसगढ़ एक मात्र राज्य था, जिसमें अपनी सारी जानकारी जापानी भाषा में देने की व्यवस्था की। इस पहल को समी ने सराहा। इससे वहां लोगों को आसानी से सब कुछ समझ आया और उन्होंने छत्तीसगढ़ की विशेषताओं को सराहा।
खाद्य प्रसंस्करण, स्किल डेवलपमेंट, पर्यावरण संरक्षण, इलेक्ट्रानिक्स और ईवी जैसे सेक्टर के लिए छह निवेश प्रस्ताव सरताज फूड्स, एसएएस सान्वा, बायोसीड्स, बियानी ग्रुप और माडर्नटेक द्वारा दिये गये। इन निवेश प्रस्तावों के चलते छत्तीसगढ़ में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और कृषकों को भी उनके उत्पादन का उचित मूल्य मिलेगा। एनटीटी, जेट्रो, केआईटीए, मोराबु, हंशिन, एटीसीए और यूनिकोरेल जैसी बड़ी संस्थाओं से आईटी, सेमीकंडक्टर, क्लाउड, फार्मा, इलेक्ट्रानिक्स, लाजिस्टिक और स्किल ट्रेनिंग पर महत्वपूर्ण चर्चा भी हुई है। कोरिया में आईसीसीके के साथ हमारा एमओयू हुआ। ये हमारे नालेज पार्टनर बनेंगे। उनकी मदद से हमें अपनी नई औद्योगिक नीति के तहत आने वाले उद्योगों में नई तकनीक और इसके लिए स्किल्ड मैनपावर तैयार करने में मदद मिलेगी।
हमने टोक्यो, ओसाका और सियोल में छत्तीसगढ़ इंवेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम किये। इससे एशिया के बड़े निवेशकों के बीच हमारी मजबूत पहचान बनी है। मैं बताना चाहता हूँ कि पहली बार कोरिया में छत्तीसगढ़ का कोई प्रतिनिधिमंडल गया है। जापान की तरह ही कोरिया में भी हमने कोरियन भाषा में अपनी बात रखी। हमारे वीडियो, ब्रोशर सभी कोरियन भाषा में थे। इससे निवेशकों को हमसे कनेक्ट करने में मदद मिली।हमारे प्रदेश में विदेशी निवेश लाने, नये नेटवर्क स्थापित करने तथा बेहतर औद्योगिक भविष्य के दरवाजे खोलने की दिशा में हमारा यह दौरा बेहद सफल रहा है। इससे निश्चित ही छत्तीसगढ़ में विकास और रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे।
अभी इंडिया टुडे के सर्वे सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री में मुझे पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। मुझ पर भरोसा करने और सदा प्रोत्साहित करने के लिए मैं छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।हम पर जनता ने जो भरोसा जताया उस पर खरा उतरने के लिए हमने दिन रात मेहनत किया। इससे जनता का भरोसा और मजबूत होना स्वाभाविक है। हमने मोदी जी की सभी प्रमुख गारंटियों को तो पूरा कर ही दिया है। हमने अपनी कार्यशैली से सुशासन को एक नई ऊंचाई दी है। सुशासन तिहार के दौरान मैं और मेरी पूरी सरकार, प्रशासन गांव गली. मोहल्लों में गए। हमारी सरकार और जानता के बीच किसी तरह की दूरी नहीं है। जनता के जीवन स्तर से ट्रिपल इंजन की सरकार की वजह से आए बदलाव को प्रत्यक्ष रूप से देखा जा सकता है।
