April 25, 2026

सांप के काटने से पति-पत्नी की मौत, चार मासूम हुए अनाथ

1 min read
Share this

सूरजपुर। भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसकर में तुलेश्वर गोंड (40), पत्नी नीता (38) और चार बच्चों के साथ रहता था। परिवार में लकवाग्रस्त पिता भी है। गुरुवार की रात दंपती भोजन कर चारों बच्चे के साथ जमीन पर सो रहे थे। रात लगभग दो बजे इनकी नींद खुली तो बिस्तर के पास एक सांप नजर आया। दंपती ने उसे मार दिया तथा घर के कोने में ही रख दिया। फिर दोनों सो गए।
एक-डेढ़ घंटे बाद पत्नी को बेचैनी होने लगी। वह हड़बड़ा कर उठी। पति को भी जगाया। तत्काल अस्पताल जाने के बजाय उन्होंने परिचितों के माध्यम से झाड़ फूंक कराना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे पत्नी की हालत और बिगडऩे लगी। अस्पताल ले जाने वाहन की व्यवस्था भी नहीं हो रही थी। सुबह तक पति का चेहरा भी सूज गया था। इससे स्पष्ट था कि दोनों को विषैले सर्प ने डंस लिया है। सुबह लगभग 11 बजे दंपती को एंबुलेंस से भैयाथान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां जांच के बाद महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति की गंभीर हालत को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। वहां उपचार के बाद भी पति की जान नहीं बच सकी। पति ने भी दम तोड़ दिया। देर शाम दोनों का शव घर पहुंचा। घटना से गांव में शोक है।
दुखद पहलू यह है कि परिवार में बुजुर्ग और चार छोटे-छोटे बच्चे रह गए हैं। उनके समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। माता-पिता की मौत से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में ही मृतक का एक भाई रहता है। अब उसी के ऊपर बच्चों के लालन – पालन की जिम्मेदारी आ गई है। मृत दंपती का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।