April 25, 2026

प्रदेश भाजपा के पास सदस्यता का सबसे बड़ा एवं विस्तारित डाटा बेस : सिंहदेव

1 min read
Share this

*प्राथमिक सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने ‘उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान’ समारोह में कई बड़ी जानकारियाँ साझा की*

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्राथमिक सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने कहा है कि इस समय भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के पास प्रदेश के अंतर्गत किसी भी संस्था, संगठन या दल की तुलना में सबसे बड़ा एवं विस्तारित डाटा बेस है। श्री सिंहदेव शनिवार 02 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित पार्टी के ‘उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान’ समारोह में अपने प्रास्ताविक सम्बोधन में गत वर्ष चलाये गए सदस्यता अभियान के सम्बन्ध में कई बड़ी जानकारियाँ साझा कर रहे थे।

भाजपा प्राथमिक सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी श्री सिंहदेव ने बताया कि 41 लाख से ज्यादा ऑनलाइन सदस्यता में जहाँ भाजपा के नए सदस्यों ने अपनी विस्तृत जानकारी दी है, वहीं करीब 20 लाख दूरस्थ क्षेत्रों में सदस्यों की ऑफलाइन जानकारी डिटेल में एंट्री की गई है। श्री सिंहदेव ने बताया कि भाजपा के सदस्यता अभियान में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 30 प्रतिशत एवं 25 से 35 वर्ष आयु वर्ग के 33 प्रतिशत युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली। इससे यह स्पष्ट होता है कि नई पीढ़ी के बीच भाजपा का व्यापक प्रभाव है। इसी प्रकार ओबीसी वर्ग में 54 प्रतिशत, एसटी वर्ग में 18 प्रतिशत, एससी वर्ग में 09 प्रतिशत सदस्यता भी भाजपा के बढ़ते हुए प्रभाव का स्पष्ट द्योतक है। श्री सिंहदेव ने बताया कि आने वाले समय में पार्टी नए सदस्यों एवं उनसे जुड़ी हुई जानकारियों का व्यापक उपयोग करेगी जो राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विकास की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।