रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी रविवार से पटरी पर दौड़ेगी
1 min read
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ को रेल सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। भारत सरकार के रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर सूचित किया है कि रायपुर-जबलपुर नई एक्सप्रेस ट्रेन को 3 अगस्त को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि भारत सरकार छत्तीसगढ़ में रेलवे सेवाओं और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वर्तमान में राज्य में ₹44,657 करोड़ की लागत से विभिन्न रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं। वर्ष 2025 के बजट में छत्तीसगढ़ को रिकॉर्ड ₹6,925 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है, जिनमें से 5 स्टेशनों का हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन भी पहले से जारी है, जो ‘मेक इन इंडिया’ पहल का उदाहरण हैं।
रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन न केवल छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि इससे व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में रेल नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है, जिससे जनता को सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नांदगांव में स्टॉपेज
भास्कर न्यूज | राजनांदगांव
रेल मंत्रालय द्वारा जबलपुर से रायपुर के बीच नई इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन चलाई जाएगी। 3 अगस्त को ट्रेन जबलपुर से रायपुर के लिए रवाना होगी। इसकी दोनों दिशा में आवाजाही के दौरान राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में 2 मिनट का स्टापेज दिया गया है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इस ट्रेन को चलाने जून माह में घोषणा की थी। सांसद संतोष पांडेय के प्रयासों को ध्यान में रख 2 माह के भीतर इसे चलाने आश्वासन दिया था। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने छत्तीसगढ़ को इस नई ट्रेन की सौगात दी है।
जानकारी के अनुसार नागपुर रेल मंडल ने इस इंटरसिटी एक्सप्रेस को एसईसीआर नागपुर मंडल के गढ़ा स्टेशन से चलाने की मांग की थी। जिससे इसके संचालन की जिम्मेदारी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की रहे। गढ़ा स्टेशन से जबलपुर स्टेशन की दूरी केवल 12 किमी है। गढ़ा स्टेशन नागपुर मंडल के तहत आता है। जबलपुर स्टेशन पश्चिम मध्य रेलवे के तहत आता है। लेकिन जबलपुर स्टेशन से ट्रेन चलेगी, संचालन की जिम्मेदारी 2 रेल जोन पर रहेगी। दो स्टेशनों को छोड़ कर ट्रेन अधिकांश दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे स्टेशनों से गुजरेगी। 3 अगस्त को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में सांसद संतोष पांडे द्वारा इस ट्रेन का स्वागत किया जाएगा और हरी झंडी दिखा कर आगे रवाना किया जाएगा।
इंटरसिटी जबलपुर से सुबह और रायपुर से दोपहर में रवाना होगी। यह ट्रेन जबलपुर से सुबह 6.10 बजे छूटेगी और रायपुर दोपहर 1.50 बजे पहुंचेगी। वहीं 1 घंटे के बाद ट्रेन रायपुर से 2.45 बजे वापस जबलपुर के लिए रवाना होगी और रात 10.45 को जबलपुर पहुंचेगी। जबलपुर से रवाना होने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 11702 दोपहर 11.58 बजे राजनांदगांव स्टेशन पहुंचेगी और 12 बजे रवाना होगी। वहीं रायपुर से जबलपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 11701 इंटरसिटी एक्सप्रेस 15.48 बजे पहुंच कर 15.50 बजे रवाना होगी। राजनांदगांव में इसका 2 मिनट का स्टॉपेज दिया गया है।
डोंगरगढ़ के नवरात्र मेला के लिए मिलेगी सुविधा मां बम्लेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में भी दोनों दिशा में आवाजाही के दौरान इस ट्रेन का 2 मिनट का स्टॉपेज दिया गया है। गाड़ी संख्या 11702 जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन में 11.33 बजे पहुंचेगी और 11.35 बजे रवाना की जाएगी। दूसरी दिशा में गाड़ी संख्या 11701 रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस डोंगरगढ़ में 16.13 बजे पहुंचेगी, 16.15 बजे रवाना होगी।
