रेलवे ने सिर्फ 119 दिन में 10,000 हजार करोड़ की माल ढुलाई कर बनाया नया रिकार्ड

1 min read
Share this

बिलासपुर। देश की ऊर्जा जरूरतों और उद्योगों को जरूरी कच्चा माल समय पर पहुंचाने में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने नई कामयाबी हासिल की है। कोयला, लौह अयस्क, सीमेंट, खाद और मैंगनीज जैसी जरूरी वस्तुएं देश भर के बिजलीघरों, फैक्ट्रियों और उद्योगों तक पहुंचाकर जोन ने माल परिवहन में नया रिकॉर्ड बना दिया है। रेलवे ने सिर्फ 119 दिन में 10,000 हजार करोड़ की माल ढुलाई से कमाई कर ली है, जो अब तक की सबसे तेज उपलब्धि है। यह आंकड़ा इस बार 28 जुलाई 2025 को ही छू लिया गया, जबकि पिछले साल इसे पूरा करने में 126 दिन लगे थे।
यात्री सुविधाओं का ध्यान रखते हुए एसईसीआर ने रथयात्रा और श्रावण मास जैसे खास मौकों पर विशेष ट्रेनें चलाकर यात्रियों को राहत दी और माल और यात्री दोनों सेवाओं में संतुलन बनाए रखा है। इस सफलता के पीछे रेलवे की बेहतर योजना, तेज फैसले, और बुनियादी ढांचे में किए गए बड़े सुधार भी हैं। कई नए काम पूरे हो चुके हैं और कई पर काम जारी है, जिससे ट्रेनों की रफ्तार और सुविधा दोनों में सुधार हुआ है। रेलवे का फोकस केवल कमाई पर नहीं, बल्कि ग्राहकों को बेहतर सेवा देने पर भी है। तेज़ निर्णय लेने और यात्रियों-उद्योगों की ज़रूरतों को प्राथमिकता देने का सीधा असर रेलवे की इस ऐतिहासिक कमाई में दिखता है।