दिसम्बर 2023 से 23 जून 2025 तक 11,68,416 नवीन पीएम आवास हुए स्वीकृत

1 min read
Share this

रायपुर। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत दिसम्बर 2023 से 23 जून 2025 तक 11,68,416 आवास स्वीकृत किए गए है जिनमें 3,32,885 आवास पूर्ण किये जा चुके हैं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) अंतर्गत 33,113 नवीन आवास स्वीकृत किये गये है उनमें से भी 9442 आवास पूर्ण किये जा चुके हैं। यह जानकरी पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक भूपेश बघेल के द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा में दिए।
प्रश्नकाल के दौरान भूपेश बघेल ने गृहमंत्री से जानना चाहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजनान्तर्गत दिसम्बर, 2023 से 23/06/2025 तक कितने नवीन आवास स्वीकृत किये गये हैं? उन आवासों की कुल लागत कितनी है? कितनी राशि जारी हो चुकी है तथा कितने आवास पूर्ण किये जा चुके हैं? कितने पात्र हितग्राहियों को अब तक आवास स्वीकृत नहीं किये गये हैं? उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि दिसम्बर, 2023 से 23/06/2025 तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत 11,68,416 नवीन आवास स्वीकृत किये गये हैं। उन आवासों की कुल लागत राशि रू. 1402099.20 लाख है राशि रू. 783312.60 लाख जारी हो चुकी है तथा 3,32,885 आवास पूर्ण किये जा चुके हैं। 2,68,369 पात्र हितग्राहियों को अब तक आवास स्वीकृत नहीं किये गये हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) अंतर्गत 33,113 नवीन आवास स्वीकृत किये गये हैं। उन आवासों की कुल लागत राशि रू. 66226.00 लाख है राशि रू. 38223.40 लाख जारी हो चुकी है तथा 9442 आवास पूर्ण किये जा चुके हैं। 1283 पात्र हितग्राहियों को अब तक आवास स्वीकृत नहीं किये गये हैं।