June 24, 2025

तृतीय श्रेणी पदों पर अनुकंपा नियुक्ति हेतु सीमा बंधन समाप्त हो

1 min read
Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में कार्यरत तृतीय शासकीय सेवकों के दिवंगत होने पर परिवार के आश्रित सदस्यों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए जाने के प्रावधान पर लगे सीमा बंधन को समाप्त करने की मांग कर्मचारी  नेता विजय झा ने की है।

झा ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी पद पर सीमा बंधन न होने से चतुर्थ श्रेणी के पदों पर अनुकंपा नियुक्ति नियुक्ति कर्ता अधिकारी प्रदान कर दे रहे हैं। किंतु तृतीय श्रेणी में सीमा बंधन लागू होने से पीड़ित परिवारों को भटकना पड़ रहा है। प्रदेश के संभागायुक्त एवं कलेक्टर पदों की जानकारी मंगाकर नियुक्ति की प्रक्रिया कर रहे हैं। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मांग की है कि तृतीय श्रेणी के पदों पर भी सीमा बंधन तत्काल समाप्त होना चाहिए। कांग्रेस सरकार में 10% सीमा बंधन होने पर सत्तारूढ़ दल के नेताओं द्वारा उसका विरोध किया जाता था, धरना प्रदर्शन में जाकर इसे समाप्त करने का आश्वासन दिया जाता था। लेकिन सत्ता में आने के बाद 10% सीमा बंधन को बढ़ाकर 25% किया गया है। सीमा बंधन न हटने से आश्रित परिवार अपने विभाग,कलेक्टर कमिश्नर व मंत्रालय तक चक्कर काट रहे हैं। सीमा बंधन समाप्त होने पर जिस विभाग में कर्मचारी दिवंगत हुआ है उसी विभाग में आश्रित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति मिल सकता है। श्री झा ने कहा है कि सरकार दुखी परेशान व मानवीय संवेदनाओं के आधार पर उन्हें लाभ देना चाहती है तो सीमा बंधन तत्काल हटाया जाना चाहिए।