गोमती साय ने मुख्यमंत्री से जशपुर जिला में डीएमएफ से आबंटित राशि के ब्यौरा की मांगा
1 min read
Share this
रायपुर। भाजपा विधायक गोमती साय ने बुधवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री से पूछा कि जशपुर जिला में खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के तहत राज्य शासन के द्वारा वर्ष 2020-21 से 2023-24 तक जिले को कितनी राशि आबंटित की गई थी तथा आबंटित राशि कितने कार्यों में कितनी खर्च की गई?
उन्होंने ब्लाकवार, वर्षवार एवं कार्यवार जानकारी मांगते हुए जानना चाहा कि उपरोक्त स्वीकृत कार्यों में कितने कार्य पूर्ण हुए एवं कौन-कौन से कार्य अपूर्ण हैं।
गोमती साय के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि जिला खनिज संस्थान न्यास जशपुर को राज्य शासन के द्वारा कोई राशि आबंटित नहीं की जाती है, अपितु जिले के खनन पट्टाधारियों से 288.89 लाख रूपए एवं रायगढ़ से अंशदान के रूप में 2781.52 लाख रूपए एवं कोरबा से अंशदान के रूप में 12330 लाख रूपए इस प्रकार कुल 15400.41 लाख रूपए हुआ है। उक्त राशि से विकासखण्डवार, वर्षवार एवं कार्यवार व्यय राशि की जानकारी “पुस्तकालय में रखे प्रपत्र” अनुसार है। स्वीकृत कार्यों में पूर्ण कार्य एवं अपूर्ण कार्य की जानकारी “पुस्तकालय में रखे प्रपत्र” के कॉलम संख्या-05 अनुसार है।
* प्रदेश में खनिज उत्खनन हेतु प्राप्त आवेदन *
श्रीमती गोमती साय ने एक अन्य प्रश्न में मुख्यमंत्री से पूछा कि छत्तीसगढ़ राज्य में बॉक्साइट, सोना व हीरा कहां-कहां पाये गये हैं इसका विकासखण्डवार, जिलावार जानकारी देवें? किन-किन सरकारी एवं निजी कम्पनियों द्वारा वर्ष 2021-22 से 2023-24 तक उल्लेखित खनिजों के उत्खनन से राज्य सरकार को जिलेवार कितने राजस्व आय की प्राप्ति हुई है? वर्षवार विवरण देवें?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवाब में बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में पाये जाने वाले बाक्साइट, सोना व हीरा खनिज की जानकारी “संलग्न प्रपत्र-अ” अनुसार हैं। (ख) प्रश्नांश “क” में उल्लेखित खनिजों के उत्खनन से राज्य सरकार को प्राप्त राजस्व की कंपनीवार एवं जिलेवार जानकारी “संलग्न प्रपत्र-ब” अनुसार हैं।