March 7, 2026

भारत टी-20 विश्व कप के फायनल में,रविवार को न्यूज़ीलैंड से होगी खिताबी जंग

1 min read
Share this

मुंबई। भारत ने आज दूसरे रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्‍लैंड को  7 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा। इंग्लैंड की ओर से बैथल ने अंत तक किला लड़ाने की कोशिश की बैथल ने 48 गेंदो पर 105 रनों की शतकीय पारी खेली। इस जीत के साथ ही भारत ने चौथी बार  टी-20 विश्वकप के फाइनल में प्रवेश किया।

टाॅस हारने  के बाद बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए और इंग्लैंड को 254 रनों का लक्ष्य दिया जिसका पीछा करते हुए इंग्‍लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन बनाए। भारत की ओर से संजू सैमसन (89) के अलावा ईशान किशन (39), शिवम दुबे (43) और तिलक वर्मा (21) भी सिक्‍स हिटिंग मशीन बन गए।

254 रन चेज करने उतरी इंग्‍लैंड को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने पहली गेंद पर ही फिल सॉल्‍ट (5) का शिकार किया। अक्षर पटेल ने यह कैच को लपका। 5वां ओवर कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने जसप्रीत बुमराह को थमाया। बुमराह ने पहली गेंद पर ही कप्‍तान हैरी ब्रूक (7) को अपने जाल में फंसा लिया। इस कैच को भी अक्षर पटेल ने लिया।

पावरप्‍ले के आखिरी ओवर में 3 छक्‍के खाने के बाद वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को बोल्‍ड किया। खराब फॉर्म से जूझ रहे बटलर ने 17 गेंदों का सामना किया और 25 रन बनाए। 8वें ओवर में अक्षर पटेल ने टॉम बेंटन को बोल्‍ड किया। बेंटन खतरनाक होते जा रहे थे और उन्‍होंने 5 गेंदों पर 17 रन ठोक दिए थे। 10 ओवर के बाद इंग्‍लैंड का स्‍कोर 4 विकेट के नुकसान पर 119 रन थे। अगली 60 गेंदों पर टीम को जीत के लिए 135 रनों की जरूरत थी।

इसके बाद जैकब बेथेल को विल जैक्‍स का साथ मिला और दोनों ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। इस जोड़ ने मिलकर बड़े शॉट लगाए और जरूरी रन रेट को कम किया। इस दौरान पूरे वानखेड़े स्‍टेडियम में सन्‍नाटा पसर गया था। मैच किसी भी करवट बदल सकता था। इसके बाद आया मैच बदलने वाला कैच। अक्षर पटेल ने बाउंड्री पर सूझबूझ दिखाई और शिवम दुबे के साथ मिलकर विल जैक्‍स का यादगार कैच लिया। विल ने 20 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली। अर्शदीप सिंह के खाते में यह विकेट आया। इसके साथ ही सिंह ने विल जैक्‍स और जैकब बेथेल के बीच 39 गेंदों पर 77 रन की साझेदारी को तोड़ा।

आखिरी 5 ओवर में इंग्‍लैंड को 69 रनों की दरकार थी। जैकब बेथेल और सैम करन मैदान पर थे। 16वां ओवर जसप्रीत बुमराह को थमाया गया और इसमें 8 रन बने। अर्शदीप सिंह ने 17वें ओवर में 16 रन दे दिए। 18वें ओवर में बुमराह ने 6 रन दिए। आखिरी 12 गेंदों पर इंग्‍लैंड को जीत के लिए 39 रनों की जरूरत थी। 19वें ओवर में हार्दिक ने 9 रन दिए। अब आखिरी ओवर में इंग्‍लैंड को जीत के लिए 30 रनों की दरकार थी। हालांकि, टीम 22 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रन से यह मैच जीता।