इंग्लैंड पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल पहुंचा
1 min read
Share this
कोलंबो। इंग्लैंड और पाकिस्तान के मध्य खेला गया टी20 विश्व कप का सुपर लीग मुकाबला बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव वाला जहां अंतिम ओवर में किला फतह करते हुए इंग्लैंड ने पांचवीं बार टी-20 विश्व कप फार्मेट में सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने कप्तान हैरिस ब्रुक(100) के सैकड़े से 19.1 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। मैच का विजयी चौका जोफ्रा आर्चर के बल्ले से निकला। टीम ने सुपर आठ में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ जहां इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है,वहीं पाकिस्तान के लिए आगे की राह बेहद कठिन हो गई है। पाकिस्तान का पिछला मुकाबला बारिश में धुल गया था और अब उसका एक मैच शेष है जो उसे मेजबान श्रीलंका के साथ खेलना है। अगर पाकिस्तान की टीम ये मुकाबला जीत भी लेती है तो उसके तीन ही अंक होंगे। वहीं, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के पास पाकिस्तान को पीछे छोड़ने का मौका होगा। इंग्लैंड के लिए ब्रूक के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
इंग्लैंड सर्वाधिक बार लगातार टी20 विश्व कप के पहुंचने सेमीफाइनल वाली टीम बन गई है। इंग्लैंड ने लगातार पांचवीं बार ऐसा किया है। उसने इस मामले में पाकिस्तान और श्रीलंका को पीछे छोड़ा। पाकिस्तान और श्रीलंका ने लगातार चार बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इंग्लैंड की टीम 2016, 2021, 2022, 2024 और 2026 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है।
165 रनों के विजय लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की ओर से हैरिस ब्रूक अंतिम समय तक मैदान पर डटे रहे और टीम को विजय की दहलीज तक पहुंचाया। ब्रुक के अलावा सैम करन(16)और विल जैक्स(28) दहाई अंक तक पहुंच सके।ब्रूक ने पहले 50 रन 28 गेंदों पर पूरे किये और फिर 50 गेंदों पर शतक लगाया। ब्रूक टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान हैं। इतना ही नहीं, ब्रूक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2010 में भारत के खिलाफ 98 रन बनाए थे। पाकिस्तान की ओर से शाहीन ने 4 और नवाज व उस्मान ने 2-2 विकेट लिये।
ब्रूक टी20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले एलेक्स हेल्स ने श्रीलंका के खिलाफ 2014 में, क्रिस गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 2016 में और पाथुम निसांका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2026 में ऐसा किया था। वहीं, ब्रूक टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे आगे इस मामले में एलेक्स हेल्स (116*) और जोस बटलर (101*) हैं।
इससे पहले, पाकिस्तान की ओर से सिर्फ साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक लगाया जिसकी मदद से टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दे सकी। फरहान ने 45 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पावरप्ले में दो झटके दिए थे, लेकिन फरहान ने बाबर आजम के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। बाबर 24 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फरहान और फखर जमां के बीच चौथे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन ओवरटन ने फरहान को अपना शिकार बनाया।
पाकिस्तान की ओर से फरहान के अलावा फखर जमां ने 25, शादाब खान ने 23, उस्मान खान ने 8, सईम अयूब ने 7, सलमान आगा ने 5 और शाहीन अफरीदी ने 2 रन बनाए, जबकि सलमान मिर्जा 2 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए लियाम डॉवसन ने तीन विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर और जैमी ओवरटन को दो-दो सफलता मिली।
