रायपुर की सड़कों पर उतरीं दीप्ति प्रमोद दुबे, जनसंपर्क अभियान में आवास और विकास का दिया भरोसा

1 min read
Share this

रायपुर। कांग्रेस महापौर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे का मंगलवार को सघन जनसंपर्क अभियान किया। प्रचार यात्रा के दौरान उन्होंने जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और रायपुर को एक विकसित और सुव्यवस्थित शहर बनाने का संकल्प लिया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान दीप्ति दुबे को महिलाओं और युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिला। कुछ स्थानों पर लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया और मांग पत्र सौंपे, जिन पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। बीएसयू कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि जब प्रमोद दुबे महापौर थे, तब उन्हें वहां बसाया गया था, लेकिन अब कॉलोनी में रंग-रोगन और सीपेज जैसी समस्याएं आ रही हैं इस पर दीप्ति दुबे ने आश्वासन दिया कि यदि वे महापौर बनती हैं, तो इन समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा।
दिनभर चले प्रचार अभियान के दौरान दीप्ति दुबे ने शहर के कई प्रमुख इलाकों का दौरा किया। बालाजी चौक, गुढ़ियारी, कबीर चौक, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, टिकरापारा और देवेंद्र नगर सहित कई क्षेत्रों में उन्होंने जनता से मुलाकात की और कांग्रेस के विकास एजेंडे को साझा किया। प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए।
इस दौरान नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से उन्होंने कांग्रेस की योजनाओं को जनता के सामने रखा और नगर निगम के विकास के लिए अपनी रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य रायपुर को एक स्वच्छ, सुगम और समृद्ध शहर बनाना है।
प्रचार अभियान के समापन पर दीप्ति दुबे ने जनता का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि रायपुर की जनता उनके विजन पर भरोसा जताते हुए आगामी महापौर चुनाव में कांग्रेस को मजबूत समर्थन देगी।