दिल्ली में चुनाव 5 को नतीजे 8 फरवरी को
1 min readShare this
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ने मंगलवार को दिल्ली विधान सभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी जिसके चलते 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजों की घोषणा की जायेगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक चरण में मतदान होगा। वर्तमान सरकार का कार्यकाल 23 फरवरी को पूरा हो रहा है।चुनाव तिथि की घोषणा के साथ ही आचार संहिता भी आज से प्रभावी हो गई। चुनाव आयोग की ओर से दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान करने के साथ ही राजधानी में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब चुनाव अवधि पूरी होने तक सरकारी मशीनरी एक तरह से चुनाव आयोग के नियंत्रण में रहेगी। दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद ही आचार संहिता हटेगी।दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार (6 जनवरी) को ही फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर चुके हैं। नई लिस्ट के अनुसार, इस बार दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता हैं।पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब सात लाख 38 हजार से ज्यादा वोटर बढ़े हैं। वहीं, साढ़े छह महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव के बाद दिल्ली में तीन लाख 22 हजार 922 वोटर बढ़े हैं।
आम आदमी पार्टी पिछले 11 वर्ष से दिल्ली की सत्ता पर काबिज है, लेकिन इस बार का चुनाव कई वजहों से रोचक होता जा रहा है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) तीसरी बार लगातार जीत के लिए जोर लगा रही है, वहीं विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने बाजी पलटने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
इस लड़ाई में कांग्रेस भी शामिल है, जो अकेले चुनाव लड़ रही है और पार्टी के नेता भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को निशाना बना रहे हैं। इससे पहले हुए लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस और आप ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी दिल्ली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।