मोदी सरकार में जनता मंहगाई और बेरोज़गारी से परेशान हैं:प्रियंका

1 min read
Share this

*विशेष संवाददाता जनपत्र*

लखनऊ।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाई राहुल गांधी के लिए बुधवार से प्रचार शुरू कर दिया। बछरावां विधानसभा क्षेत्र के फुलवासा में आयोजित नुक्कड़ सभा में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने आपकी जरूरतें और मदद करने की बजाय पांच किलो राशन का बोरा थमा दिया। पांच किलो राशन से क्या होने वाला है? आपको फिर सरकार का मुंह देखना पड़ता है।मोदी सरकार में जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने कहा कि आपको बढ़िया शिक्षा और स्वास्थ्य मिले यह सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा लेकिन आज जो सरकार है वह आपसे पैसे एकत्र कर अरबपतियों को दे रही है। उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की बात करते हुए कहा कि जो टीवी पर दिखाया जा रहा है उसमें सच्चाई नहीं है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बोलने का स्तर इतना गिर जाएगा कभी सोचा भी नहीं था। उन्होंने कहा कि क्या हम भैंस चुराने वाले लगते हैं! मंगलसूत्र छीनने वाले लगते हैं? ऐसे बयान से प्रधानमंत्री पद की गरिमा गिरती जा रही है।
अपने संबोधन में प्रियंका ने रायबरेली से अपने परिवार के जुड़ाव का इतिहास भी बताया। उन्होंने कहा कि 103 साल पहले किसान आंदोलन के दौरान नेहरू जी ने यहीं गिरफ्तारी दी थी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह लोग बेरोजगारी और महंगाई जैसे जनता से जुड़े मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। कांग्रेस आई तो नौजवानों को रोजगार मिलेगा और ग्रेजुएट को एक लाख रुपये दिए जाएंगे।