कांग्रेस नेता सीजनल है चुनाव के बाद अमेठी और रायबरेली में नहीं दिखेंगे:- भूपेंद्र सिंह चौधरी

1 min read
Share this

*विशेष संवाददाता*

लखनऊ।भाजपा के उत्तरप्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को गांधी परिवार पर हमला बोला। कहा कि ये सब सीजनल लोग हैं। जब चुनाव आता है तो राहुल गांधी अमेठी छोड़कर रायबरेली चले जाते हैं। प्रियंका गांधी जनसंपर्क के कार्यक्रम में आ गई हैं। ये लोग चुनावी लोग है और चुनाव के बीच में ही इनकी उपस्थिति होती है। लेकिन, यूपी की जनता इन्हें नकार चुकी है। अमेठी और रायबरेली की जनता सब जानती है कि ये सब सीजनल लोग है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि मंगलवार को हुए तीसरे चरण के मतदान में यूपी की दस सीटों पर चुनाव में भाजपा जीत रही है। साथ ही कहा कि यूपी की सभी सीटों पर भाजपा चुनाव जीतेगी। इससे पहले कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर भारतीय जनता पार्टी आज भारत की ही नहीं अपितु विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बन गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कार्यकर्ताओं के बल पर इस बार भारतीय जनता पार्टी मोदी सरकार के 400 पार नारे को साकार करेगी। कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है, भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की 10 साल तथा प्रदेश की 7 साल की सरकार में जो भी घोषणा पत्र में शामिल था भारतीय जनता पार्टी ने शत प्रतिशत घोषणा पत्र को पूरा करने का काम किया है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद, जातिवाद और वंशवाद से कोसों दूर है। पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वेसर्वा है। कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य करते हुए देश और प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया है। भारत विश्व गुरु के पथ पर अग्रसर है।केंद्रीय मंत्री सांसद व प्रत्याशी स्मृति जूबिन ईरानी ने कहा मंच पर तीन पीढ़ी के नेता बैठे हुए हैं, एक समय था जब भाजपा के लोगों को परेशान किया जाता था, कोई बीजेपी का झंडा लेकर चलता था तो उसे परेशान किया जाता था। आज परेशान करने वाले लोग स्वयं अमेठी से नामांकन करने का हिम्मत नहीं कर रहे हैं।सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अमेठी में पांचवें चरण में मतदान होना है। सभी पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता घर-घर जाते हुए भारतीय जनता पार्टी के द्वारा कराए गए विकास कार्यों एवं भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र से लोगों को अवगत कराएं साथ ही 20 मई को मतदान के लिए प्रेरित करें। कहा कि देखा गया है कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में ज्यादातर 60 या 65 प्रतिशत ही वोटिंग होती है जबकि पंचायत चुनाव में मत प्रतिशत अधिक होता है ऐसे में सभी कार्यकर्ता व्यक्तिगत स्तर पर चुनाव को लेते हुए मतदान 85 से 95 प्रतिशत तक होना सुनिश्चित कराएं।