एक्टर साहिल खान गिरफ्तार, पुलिस का दावा- सट्टेबाजी के धंधे में था पार्टनर

1 min read
Share this

जगदलपुर। मुंबई साइबर सेल की विशेष जांच टीम ने महादेव सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ केजगदलपुर से फिल्म कलाकार साहिल खान को गिरफ्तार किया गया है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी साहिल खान कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए लगातार अपना लोकेशन बदलते हुए महाराष्ट्र के सीमावर्ती राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था, जहां से मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। उन्होने कहा कि उपरोक्त कार्यवाही के संबंध में मुंबई पुलिस द्वारा आधिकारिक बयान पृथक से प्रेषित की जाएगी। लेकिन उन्होने साहिल खान की गिरफ्तारी जगदलपुर में कहां से हुई इसका खुलासा नही किया है। वहीं मुंबई साइबर सेल की एसआईटी ने भी जगदलपुर से आरोपी साहिल खान की गिरफ्तारी करना स्वीकार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फिल्म कलाकार साहिल खान पर बेटिंग साइट चलाने और बेटिंग ऐप प्रमोट करने का आरोप है। मुंबई के माटुंगा पुलिस की महादेव बेटिंग ऐप मामले की जांच में साहिल खान का नाम आया था। जिसके बाद एसआईटी ने हाल ही में साहिल से पूछताछ की थी। मुंबई साइबर सेल ने शनिवार को साहिल खान को जगदलपुर से गिरफ्तार करने की जानकारी मिली है। साहिल के गिरफ्तार की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी किया है।
मुंबई साइबर सेल पुलिस गिरफ्तारी के बाद जगदलपुर से उन्हें मुंबई ले गई। आरोपी साहिल खान कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए लगातार अपना लोकेशन बदलते हुए महाराष्ट्र के सीमावर्ती राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि साहिल लोटस बुक 24/7 नामक एक सट्टेबाजी ऐप वेबसाइट में भागीदार हैं, जो महादेव सट्टेबाजी ऐप नेटवर्क का हिस्सा है। मुंबई साइबर सेल की एसआईटी कुछ वित्तीय और रियल एस्टेट कंपनियों और विवादास्पद महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटरों के बीच कथित अवैध लेन-देन की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार घोटाला लगभग 15 हजार करोड़ रुपए का है। मामले में साहिल खान और 31 अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच चल रही है। पुलिस के अनुसार जांच में उनके बैंक खाते, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सभी तकनीकी उपकरणों की जांच शामिल है।
साहिल खान पर लॉयन बुक ऐप को प्रमोट करने और इवेंट्स अटेंड करने का आरोप लगा है। लॉयन बुक को प्रमोट करने के बाद उन्होंने बतौर पार्टनर लोटस बुक 24/7 ऐप लॉन्च किया। साहिल ऐप को बढ़ावा देने के लिए अपने पहचान का इस्तेमाल कर वे सिलेब्रिटीज को बुलाते थे और ग्रैंड पार्टियों का आयोजन करते थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि एक्टर साहिल खान अपनी फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने एक्सक्यूज मी और स्टाइल जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि वे फिल्मों में कुछ कमाल नहीं कर सके और फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी। इसके बाद उनकी फिटनेस का कारोबार शुरू हुई और वे फिटनेस इंफ्लुएंसर बन एक कंपनी चलाते हैं, जो कि फूड सप्लीमेंट्स बेचती है।