राष्ट्रीय सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता कल से, मुख्यमंत्री साय करेंगे शुभारंभ
1 min read
Share this
रायपुर। 40वीं राष्ट्रीय सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में होने जा रहा है, जिसका शुभारंभ सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड राउंड में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा की प्रतियोगिता होगी। जिसमें मेजबान छत्तीसगढ़ के तीनों इवेंट्स में कुल 24 बालक-बालिका खिलाड़ी पदक के लिए निशाना साधेंगे। राष्ट्रीय स्पर्धा में 44 स्वर्ण, 44 रजत और 44 कांस्य पदक खिलाडिय़ों को दिए जाएंगे जिसमें व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा के पदक शामिल हैं। 9 जनवरी को कंपाउंड राउंड के विजेता तीरंदाजों को पुरस्कृत करने के लिए केंद्रीय मंत्री व भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा रायपुर आ रहे हैं। स्पर्धा 12 जनवरी तक चलेगी।
छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष कैलाश मुरारका ने बताया कि राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए छत्तीसगढ़ समेत देशभर के लगभग 680 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था गुढिय़ारी स्थित मारुति मंगलम भवन में की गई है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीनों इवेंट्स में 30मीटर, 50मीटर और 60मीटर की स्पर्धाएं होंगे। स्पर्धा के सफल आयोजन के लिए प्रदेश संघ ने 100 से अधिक प्रशिक्षक, स्कोरर और अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले मेजबान खिलाडिय़ों को 25-25 हजार रुपए नकद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।
विभिन्न राज्यों से आ रहे तीरंदाजों की स्वास्थ्य की देखरेख के लिए के लिए छत्तीसगढ़ संघ ने दो प्रदेश की डिप्लोमाधारी फिजियोथेरेपिस्ट रश्मि साहू और आस्था यादव का जिम्मेदारी दी है, जो सशुल्क सभी राज्यों के खिलाडिय़ों को अपनी सेवाएं स्पर्धा के दौरान देंगी।