दंतेवाड़ा नक्सली हमले में डीआरडी के 10 जवान शहीद

1 min read
Share this

*मुख्यमंत्री,राज्यपाल ने घटना की कड़ी निंदा की,शहीद जवानों को दी श्रद्धांजली*

*मोहन मरकाम ने हमले की निंदा कर इसे नक्सलियों की कायरत हरकत बताया*

दंतेवाड़ा। नक्सलियों ने एक बार फिर से जवानों पर निशाना साधते हुए फोर्स से भरी वाहन को ब्लास्ट कर उड़ा दिया जिसमें डीआरडी के 10 जवान शहीद हो गए । और गाड़ी चला रहा चालक भी मारा गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यपल विश्वभूषण हरिचंदन ने घटना की निंदा करते हुए शहीद जवानों श्रद्धांजली दी

घटना की पुष्टि करते हुए आईजी सुंदरराज पी.द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। इसके बाद सभी जवान वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर पालनार में ब्लास्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि जवान एक निजी पिकअप वाहन से निकले थे। हमले में एक नागरिक की भी मौत हुई हैै। हमले के बाद जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें कुछ नक्सली भी घायल हुए हैं। मौके पर फोर्स पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि वाहन में 25 से 30 जवान सवार थे। घायल जवानों को जिला अस्पताल लाने के लिए चार एंबुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है। घटना के बाद आसपास के एरिया में सर्चिंग तेज कर दी गई है। पुलिस कप्तान भी मौके पर पहुंच गए हैं।

नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों  में,हेड कॉन्सटेबल जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम और जगदीश कवासी शहीद हुए हैं। इनके साथ ही प्राइवेट वाहन के चालक धनीराम यादव की भी मौत हो गई है।

 

*राज्यपाल ने नक्सली हमले में जवानों की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया*
राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने आज दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किये गये बम विस्फोट में पुलिस के जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शहीद जवानों को श्रद्धंाजलि देते हुए उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि नक्सलियों के राष्ट्र विरोधी मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। केन्द्र शासन और राज्य शासन समन्वय पूर्वक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए कटिबद्ध है।

मुख्यमंत्री बघेल ने नक्सल हिंसा की घटना में जवानों की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में 10 डीआरजी जवानों एवं एक वाहन चालक की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। श्री बघेल ने माओवादियों की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हमारे जवानों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में हम सब शहीदों के परिवारों के साथ हैं।

*शहीदों को श्रद्धांजली मरकाम ने दी श्रद्धांजली*
दंतेवाड़ा के अरनपुर में शहीद हुये सुरक्षा बलों के जवानों को कांग्रेस ने श्रद्धांजली अर्पित किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि वीर जवानों की शहादत व्यर्थ नही जायेगी। बस्तर शांति की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इस प्रकार की घटनायें विचलित जरूर करती है लेकिन हम लक्ष्य से डिगने वाले नही है, हमारे इरादे मजबूत है, हम पूरी दृढ़ता से बस्तर में शांति की स्थापना के प्रयासों को जारी रखेंगे। कांग्रेस पार्टी शहीद जवानों के शहादत को नमन करती है, छत्तीसगढ़ की जनता इन जवानों के प्रति हमेशा कृतज्ञ रहेगी।