January 12, 2026

जीत के साथ चेन्नई एक्सप्रेस कोलकाता से रवाना

1 min read
Share this

कोलकाता। चेन्नई सुपरकिंग्स ने रविवार को ईडन गार्डन्स पर तहलका मचा दिया। डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे कोलकाता गोलंदाजों पर बनकर टूट पड़े ।रहाणे की आतिशी पारी के बदौलत चेन्नई ने ईडन गार्डन्स पर अब तक का सर्वाधिक 4 विकेट पर 235 रनों के स्कोर की तख्त टांग दी। 236 के विजय लक्ष्य को लेकर मोर्चे पर उतरी कोलकाता निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 186 रन ही बना पाई और चेन्नई 49 रन से जीत दर्ज कर यहां से रवाना हुई।

आईपीएल 2023 के 33वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को घर में घुसकर करारी शिकस्त दी। सीएसके के पहले बल्लेबाजों ने जमकर धमाल मचाया, तो उसके बाद गेंदबाजों ने भी ईडन गार्डन्स के मैदान पर जमकर दर्शकों की वाहवाही  लूटी।

पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने ईडन गार्डन्स के मैदान पर अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। सीएसके ने 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। टीम की ओर से डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे ने अर्धशतक जमाया। पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम कभी भी मैच में पकड़ बनाती हुई नहीं दिखाई दी।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके अजिंक्य रहाणे येलो जर्सी में ईडन गार्डन्स के मैदान पर जमकर बरसे। रहाणे ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंदों में नाबाद 71 रनों की विस्फोटक पारी खेली। रहाणे की ताबड़तोड़ पारी के दम पर चेन्नई स्कोर बोर्ड पर विशाल लक्ष्य खड़ा करने में सफल रही।

रहाणे ने आखिरी के ओवरों में जमकर तबाही मचाई और अंतिम तीन ओवर में 49 रन बटोरे। रहाणे को अगर कोलकाता के गेंदबाज सस्ते में पवेलियन भेजने में सफल रहते तो शायद सीएसके के स्कोर बोर्ड पर 200 रन भी भी नहीं होते। रहाणे की पारी इस मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रही, क्योंकि सीएसके द्वारा खड़े किए पहाड़ जैसे लक्ष्य के आगे कोलकाता का बैटिंग ऑर्डर पूरी तरह से दबकर रह गया।