डा अम्बेडकर को नमन किया सर्वसमाज ने रैली निकली और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
1 min read
Share this
भिलाई। विश्वरत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की 132 वीं जयंती पर कलेक्टोरेट परिसर दुर्ग में समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संभागायुक्त, दुर्ग महादेव कावरे ने बाबासाहेब आम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान उपस्थित बौद्ध समाज ने सामूहिक त्रिशरण पंचशील ग्रहण कर बाबासाहेब को मानवंदना की।
विशिष्ट अतिथि अरविन्द चौहान, सुरेंद्र वैद्य, उमाकांत सुखदेवे एवं दीपक सहारे ने केक काटकर भीम जयंती का आगाज किया। गायक राहत ओलेकर के गीतों के प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरी। बाबासाहेब को नमन करने अरुण वोरा (विधायक दुर्ग शहर) , धीरज बाक़लीवाल (महापौर, दुर्ग) के साथ कांग्रेस के अनेक दिग्गज नेतागण, बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी , अनेक राजनैतिक संगठन, जैन धर्म एवं सर्वधर्म के लोग पहुँचे। इसके पहले समता सैनिक दल, पंचशील बुद्ध विहार समिति डॉ. आम्बेडकर नगर , प्रबुद्ध कल्याण समिति पद्मनाभपुर, सुजाता बौद्ध महिला मंडल आमापारा, प्रबुद्ध युवा मंच शंकरनगर के पदाधिकारी, आम्बेडकर अनुयायी बाइक रैली एवं पैदल रैली के माध्यम से सुबह बाबासाहेब को मानवंदना करने पहुँचे।
दुर्ग शहर की विभिन्न विहार समितियों, सामाजिक संगठनों की ओर से सामूहिक रैली निकाली गयी जो दुर्ग शहर का भ्रमण कर, शाम 6 बजे बाबासाहेब आम्बेडकर प्रतिमा स्थल, कलेक्ट्रेट परिसर मे पहुंची। विशाल रैली द्वारा बाबासाहेब को मानवंदना दी गयी एवं रैली सुचारु रूप से क्रमशः एक गेट से प्रवेश कर मानवंदना करते हुए दूसरे गेट से निकाली गयी। रैली प्रस्थान के पश्चात अतिथियों का सम्मान एवं संस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया जिसमे बच्चों के साथ बड़ो ने भी अपनी प्रस्तुति दी एवं आयोजन समिति द्वारा भोजन की व्यवस्था की गयी। कार्यक्रम का आयोजन समता सुरक्षा सेना छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया।