मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर किसानों में खुशी की लहर
1 min read
Share this
*किसान श्रीमती छईया और श्री राजेश ने मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद*
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में किसानों से समर्थन मूल्य पर अब प्रति एकड़ 15 क्विंटल की जगह 20 क्विंटल धान खरीदने की कि गई घोषणा की है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से महासमुंद जिले के किसानों में खुशी की लहर है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में भी छोटे-बड़े किसान मुख्यमंत्री का धन्यवाद और आभार प्रकट कर रहें हैं।
महासमुंद के गांव परसट्ठी की किसान श्रीमती छईया बाई साहू ने कहा कि उनकी जमीन में अधिक धान की पैदावार होती थी, लेकिन वो पूरा धान समर्थन मूल्य पर विक्रय नहीं हो पाता था। बचे धान को कोचियों के माध्यम से बेचना पड़ता था। जिससे उन्हें कम लाभ होता था। लेकिन अब मुख्यमंत्री के फैसले से हमारी जमीन में होने वाली धान की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। इससे हमें बहुत फायदा होगा। उन्होंने सरकार एवं मुख्यमंत्री को इसके लिए बधाई दी।
बसना विधानसभा क्षेत्र के पिरदा गांव के किसान श्री राजेश सिदार ने दूरभाष पर बात करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जी ने किसानों के हित में अब धान खरीदी में प्रति एकड़ 5 क्विंटल की बढ़ोत्तरी की है। इससे किसानों को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने बातचीत में बताया कि पहले उन्होंने 80 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचने के बाद भी काफी धान बच गया था। लेकिन अब प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने के फैसले से उनकी पूरा धान बिक जाएगा। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।