त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में भाजपा का बढा कद
1 min readShare this
नई दिल्ली। तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के चुनावी नतीजों ने साफ कर दिया कि भाजपा का उत्तर-पूर्व (North-East) के राज्यों में प्रभाव बढ़ा है। नागालैंड में सत्तारूढ़ एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन (NDPP-BJP Alliance) ने गुरुवार को 33 सीट जीतकर 60 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत हासिल कर लिया। त्रिपुरा में भाजपा फिर सरकार बनाने जा रही है। 2018 में भाजपा ने त्रिपुरा में 25 साल से काबिज वामपंथ को सत्ता से बाहर कर दिया था। मेघालय (Meghalaya) में भी भाजपा की स्थिति बेहतर हुई है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्व के राज्यों में भाजपा ने कांग्रेस को पीछे कर दिया है। अगले साल यानी 2024 में लोकसभा का आम चुनाव होगा। उससे पहले उत्तर-पूर्वी राज्यों में इस जीत से भाजपा में उत्साह का माहौल है।
असम में भाजपा की सरकार है। 2016 में भाजपा ने आसाम में कांग्रेस के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया था। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेसी मुख्यमंत्री पेमा खांडू की पार्टी को अपनी तरफ मिला लिया। 2019 में अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 में से 41 सीटें जीतीं थीं। मणिपुर में 2017 में भाजपा ने जीता था और पूर्व कांग्रेसी एन बीरेन सिंह मुख्यमंत्री बने थे। 2022 में फिर यहां भाजपा को जीत मिली थी। सिक्किम और मिजोरम में स्थानीय पार्टियां सत्ता में हैं।(जनसत्ता से साभार)